खंडवा वन मंडल की गुड़ी रेंज के ग्राम आमाखुजरी में अतिक्रमण की खबर मिलने के बाद कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के साथ अतिक्रमित वन क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान वनमण्डल अधिकारी श्री राकेश डामोर भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में लगे वन विभाग एवं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वन मंडल अधिकारी श्री डामोर ने बताया कि लगभग तीन दर्जन जेसीबी मशीनों की मदद से कुल 105 हेक्टेयर वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जेसीबी की मदद से संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमणरोधी 9000 बड़े आकार के कंटूर ट्रेंच (गड्ढे) तैयार किए गए हैं। वन मंडल अधिकारी श्री डामोर ने बताया कि गुड़ी क्षेत्र में सोमवार को वनक्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्यवाही में लगभग 550 की संख्या में वन विभाग का बल तैनात किया गया। इसमें 35 महिला कर्मी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि खंडवा जिले के अलावा सेंधवा, बड़वानी, खरगोन क्षेत्र से भी वन विभाग का बल आज ग्राम आमाखुजरी में हुई कार्यवाही के लिए बुलाया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत 8 नामजद आरोपियों एवं अन्य के विरुद्ध एक एफआईआर दर्ज की गई है। सोमवार को गुड़ी क्षेत्र में की गई अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही में लगभग 200 की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसमें 14 थाना प्रभारी तथा तीन राजपत्रित अधिकारी एवं एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल थे।
सिविल सर्जन डॉक्टर अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि रविवार को गुड़ी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में घायल वन विभाग के 5 कर्मचारी जिला अस्पताल में भर्ती किए गए थे। सोमवार को कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने जिला अस्पताल का दौरा कर इन घायल कर्मचारियों से भेंटकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इनमें से 3 के स्वास्थ्य में सुधार होने से उनकी छुट्टी कर दी गई है, तथा 2 अभी भी भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है।