पल्स पोलियो अभियान…

-274 बूथों पर 25 हजार बच्चों को पिलाई  पोलियो की खुराक
अनोखा तीर, भैरुंदा। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को भैरूंदा विकासखंड में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ सिविल अस्पताल में खंड चिकित्सा अधिकारी सीबीएमओ डॉ. मनीष सारस्वत ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर डॉ. मनीष सारस्वत ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक माता-पिता का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश पहले दिन दवा नहीं पी सके हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूरे विकासखंड में 274 पोलियो बूथ बनाए गए। इनमें 221 बी-टाइप बूथ 44 सी-टाइप बूथ, 2 मोबाइल टीमें तथा 7 ट्रांजिट (ट्रांजिट) टीमें तैनात की गईं। अभियान की निगरानी के लिए 39 सुपरवाइजर एवं मॉनिटर लगाए गए, जबकि 548 स्वास्थ्यकर्मी, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत 31 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। पहले दिन करीब 25 हजार बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। शेष बच्चों को आगामी घर-घर सर्वे के दौरान दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा छूट न सके। अभियान के दौरान केवल पोलियो बूथों पर ही नहीं, बल्कि बस स्टैंड, बसों, सार्वजनिक स्थानों तथा राह चलते अपने परिजनों के साथ जा रहे बच्चों को भी स्वास्थ्य विभाग की ट्रांजिट टीमों ने पोलियो की खुराक पिलाई। विभाग का उद्देश्य था कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनके पांच वर्ष तक के बच्चे को पहले दिन पोलियो की खुराक नहीं मिल पाई है तो घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को सहयोग करें और प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत का संकल्प मजबूत हो सके।

0 Views

Leave a Reply