स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकुरू के रेस्ट हाउस परिसर में योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को अपनी दैनिक जीवन शैली में योग को शामिल करने का संदेश दिया। प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित योग सत्र में मुख्यमंत्री ने योग साधक की भांति विभिन्न योगासनों को कर सभी को नियमित योग के प्रति प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योगाभ्यास के दौरान मयूरासन, शीर्षासन सहित अन्य कठिन आसनों का भी सहजता एवं पारंगत रूप से प्रदर्शन किया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन एवं शलभासन सहित अनेक योगासनों का स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामूहिक अभ्यास किया। इसके साथ ही नाड़ी शोधन, तितली एवं भ्रामरी प्राणायाम भी किए गए।
इस दौरान अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, वन मंडलाधिकारी श्री लक्ष्मीकांत वासनिक, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक, अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।





