विद्युत विभाग का 11 करोड़ से अधिक बकाया, बकायेदारों पर सख्ती शुरू

अनोखा तीर, सिराली। विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली कनेक्शन काटने और ट्रांसफार्मर बंद करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। विभाग के जेई योगेश गौर ने बताया कि कृषि पंप के 3947 उपभोक्ताओं पर 3 करोड़ 24 लाख रुपए तथा घरेलू श्रेणी के 7242 उपभोक्ताओं पर 7 करोड़ 80 लाख रुपए की बकाया राशि है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत बिल जमा नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा बकायेदारों के घर एवं दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने के साथ ही ट्रांसफार्मर बंद करने की कार्रवाई की जा रही है। कई बार निवेदन करने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जेई योगेश गौर ने बताया कि 62 लाख रुपए की बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के 32 ट्रांसफार्मर काटे गए हैं तथा एक ट्रांसफार्मर उतारकर जब्त किया गया है। इसके अलावा बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। अनाधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करने वाले लोगों पर भी आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply