बेलोंड घाट में लूट की वारदात करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

अनोखा तीर, बैतूल। सारणी पुलिस ने बेलोंड घाट क्षेत्र में राहगीरों से लूट की वारदात करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं एक चाकू जब्त किया गया है।  पुलिस के अनुसार फरियादी फरहान पिता नजरूल अंसारी निवासी वार्ड 19 गांधी नगर पाथाखेड़ा ने थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून को वह अपने दोस्त सागर नागले एवं प्रेम गुजरे के साथ मोटरसाइकिल से मुलताई से शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान बेलोंड घाट सारणी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट कर 4,800 रुपए नकद तथा तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध क्र.206/26 धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविंद्र उर्फ भोला, अमन कवड़े, आकाश सलाम, राहुल उईके एवं विजेंद्र सिंह को 26 जून को गिरफ्तार किया। आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा एक चाकू बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक सुनील गौर, सहायक उप निरीक्षक अनिल मौर्य, प्रधान आरक्षक किशनलाल सेलू तथा आरक्षक मोहित भाटी, मोनू उईके, सुभाष मंडलोई एवं रविमोहन दर्शमा की सराहनीय भूमिका रही।

0 Views

Leave a Reply