अनोखा तीर, भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल अंतर्गत गुना रेलवे स्टेशन पर 27 जून को केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नई बीना-गुना-रुठियाई मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने नई मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चंबल एवं मालवा क्षेत्र में रेलवे के कायाकल्प के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुना संसदीय क्षेत्र में विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन एवं ठहराव की सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। साथ ही गुना स्टेशन पर चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई। नई मेमू ट्रेन का नियमित संचालन 27 जून से प्रारंभ हो गया है। गाड़ी संख्या 61625 बीना-रुठियाई मेमू बीना स्टेशन से प्रतिदिन शाम 4.20 बजे प्रस्थान कर सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव करते हुए शाम 7.05 बजे गुना पहुंचेगी तथा 7.40 बजे रुठियाई पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 61626 रुठियाई-बीना मेमू रुठियाई स्टेशन से रात 8 बजे प्रस्थान कर 8.20 बजे गुना पहुंचेगी तथा सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात्रि 11.20 बजे बीना पहुंचेगी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में मौजूद रहे। रेल प्रशासन के अनुसार नई बीना-रुठियाई मेमू सेवा तथा गुना संसदीय क्षेत्र में चल रहे रेलवे विकास कार्यों से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी
बीना-गुना-रुठियाई मेमू ट्रेन को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिखाई हरी झंडी

2 Views




