-पंचायत सचिव की तलाश में जुटी पुलिस
अनोखा तीर, हरदा। जबलपुर जिले की एक विवाहित महिला ने हरदा जिले के ग्राम कमताड़ा निवासी एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत धनवाड़ा में पदस्थ पंचायत सचिव हेमंत सिंह राजपूत के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 69 एवं 351(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जबलपुर निवासी अखिलेश से वर्ष 2021 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। महिला के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद पति शराब के नशे में मारपीट करने लगा तथा अन्य लोगों से बातचीत करने पर संदेह करता था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। बाद में दोनों ने अलग होने का निर्णय लिया और महिला अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी। महिला ने बताया कि इसी दौरान उसकी पहचान शादी डॉटकॉम के माध्यम से हरदा जिले के ग्राम कमताड़ा निवासी पंचायत सचिव हेमंत सिंह राजपूत से हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने महिला से मुलाकात के दौरान बताया कि उसकी पत्नी ने सल्फॉस खाकर आत्महत्या कर ली थी और वह नए जीवनसाथी की तलाश कर रहा है। दोनों ने एक-दूसरे को पहले से शादीशुदा होने और दो-दो बच्चों के माता-पिता होने की जानकारी दी थी। पीड़िता के अनुसार, वह अपने बच्चों के पालन-पोषण के लिए एक मॉल में नौकरी कर रही थी। आरोपी के कहने पर उसने 21 जनवरी को अपना स्थानांतरण कराकर हरदा आ गई। हरदा आने के बाद जब वह एक होटल में रुकी तो उसे आरोपी का मोबाइल मिला, जिसमें अन्य महिलाओं के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाई दीं। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। बाद में माफी मांगकर उसे छीपाबड़ थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रखा, जहां वह लोगों के सामने उसे अपनी पत्नी बताता था।
महिला का आरोप है कि आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने 17 मार्च 2026 को जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। इसके बाद आरोपी उसे रात के समय जंगल में अकेला छोड़ गया। इस संबंध में उसने छीपाबड़ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी के अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं और उसके मोबाइल में उसे संबंधित तस्वीरें मिली थीं।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी सरकारी नौकरी का लाभ उठाकर शादी डॉटकॉम के माध्यम से तलाकशुदा या जरूरतमंद महिलाओं से संपर्क करता है। विश्वास जीतने के लिए वह आर्थिक सहायता भी देता है। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसके बच्चों की फीस और अन्य जरूरतों के नाम पर उसके खाते में 49 हजार रुपए जमा किए थे, जिन्हें बाद में वापस ले लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी के घर में एक अन्य महिला के रहने का विरोध करने और उसके खिलाफ शिकायत करने के बाद उसकी तथा आरोपी की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गईं। साथ ही उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताया है। महिला थाना टीआई निकिता विल्सन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला के पहले पति द्वारा भी उसे डराने-धमकाने की शिकायत मिली है, जिसके संबंध में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।





