Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

जिला स्तरीय चेस टूर्नामेंट 21 जून को

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिला चेस एसोसिएशन हरदा द्वारा जिला स्तरीय एल.जी. बलवटे मेमोरियल चेस टूर्नामेंट का आयोजन 21 जून, रविवार को एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल टिमरनी में किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। संघ के अध्यक्ष आलोक जैन ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसमें जूनियर वर्ग (14 वर्ष से कम आयु) एवं ओपन वर्ग शामिल रहेंगे। खिलाड़ियों के पंजीयन की प्रक्रिया 20 जून, शनिवार शाम 7 बजे तक जारी रहेगी। बढ़ती रुचि को देखते हुए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगातार पंजीयन प्राप्त हो रहे हैं। संगठन सदस्य रामनिवास जाट ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले में शतरंज खेल को प्रोत्साहित करना तथा उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिलेभर के शतरंज खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों से समय-सीमा के भीतर पंजीयन कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। जिला चेस एसोसिएशन इस अवसर पर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में भी विशेष पहल कर रहा है। कोषाध्यक्ष सत्यम बंसल ने बताया कि संगठन ने पांच कुपोषित बच्चों को गोद लेने का निर्णय लिया है। प्रतियोगिता स्थल पर इन बच्चों को आवश्यक सामग्री एवं पोषण किट वितरित की जाएगी। संस्था का मानना है कि खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के दौरान पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ी, अभिभावक एवं अतिथि पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। जिला चेस एसोसिएशन का उद्देश्य खेल, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply