पांच पीढ़ियों का गौरवशाली संगम बना पूनिया परिवार

-स्व. सुगना बाई की स्मृति में आश्रम को दी श्रद्धांजलि राशि
अनोखा तीर, हरदा। जिले के ग्राम नांदरा सन्नास्या का पूनिया परिवार इन दिनों पांच पीढ़ियों के एक साथ जीवित रहने के दुर्लभ सौभाग्य को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यह केवल परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे जिले का गौरव है। परिवार की वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय सुगना बाई पूनिया के स्नेह, संस्कार और पारिवारिक एकता ने पीढ़ियों को एक सूत्र में बांधकर रखा। पूनिया परिवार की सामाजिक एवं ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका का इतिहास भी गौरवशाली रहा है। परिवार से भगवान जी पूनिया और रामभरोस पूनिया निर्विरोध सरपंच चुने गए, जिन्होंने ग्राम विकास और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया। इसके बाद संतोष पूनिया ने वर्ष 2014 से 2021 तक सरपंच के रूप में कार्य करते हुए ग्राम पंचायत को विकास के नए आयाम दिए। ग्रामीणों के अनुसार संतोष पूनिया के कार्यकाल में पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सात वर्षों तक साफ-सफाई की मिसाल कायम की। नांदरा पंचायत को हरदा क्लस्टर की अग्रणी पंचायतों में स्थान मिला। इस दौरान लाखों रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, लगभग 10 किलोमीटर ग्रेवल रोड एवं मोरमीकरण कार्य कराए गए, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम हुआ। ग्राम विकास के अंतर्गत नांदरा स्वागत द्वार से लगभग दो किलोमीटर तक सड़क किनारे हजारों पौधे लगाए गए। गांव में भव्य स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया। स्वच्छता एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए दोनों गांवों में नादेप संरचनाओं का निर्माण किया गया, जिससे कचरे और गोबर से खाद तैयार की जा सके।  जल संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए। नांदरा नदी पर एक छोटे डेम का निर्माण कराया गया, जिससे गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों को पानी उपलब्ध हो सके। इसके अलावा नवीन पंचायत भवन, सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र, पानी की टंकियां, पाइपलाइन तथा लगभग एक हजार मीटर लंबी नालियों का निर्माण कर मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया। पूनिया परिवार की पांच पीढ़ियों में सेवा और सामाजिक सरोकारों की परंपरा निरंतर जारी है। परिवार में आज परपोते और परपरपोते तक की पीढ़ियां एक साथ मौजूद हैं, जो पारिवारिक एकता और संस्कारों का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। स्वर्गीय सुगना बाई पूनिया की पुण्य स्मृति में परिवार द्वारा समाजसेवा का संदेश देते हुए जाट कर्मा बाई आश्रम, हंडिया को 11 हजार रुपए की श्रद्धांजलि राशि भेंट की गई। परिवार ने इसे दिवंगत मातृशक्ति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए समाजहित के कार्यों में योगदान देने का संकल्प दोहराया। ग्रामीणों का कहना है कि पूनिया परिवार की पांच पीढ़ियों का एक साथ होना, उनकी सामाजिक सेवा की परंपरा और ग्राम विकास में योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

0 Views

Leave a Reply