Skip to content
Friday, 16 October 2026
बैतूल

जनकल्याण शिविर में पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर दिए समाधान के निर्देश

3 min read
Text Size:

पेयजल समस्या पर तत्काल बोर के निर्देश, अच्छे कार्य पर एनएनएम की प्रशंसा

 

       जिले के सभी विकासखंडों में 12 से 18 जून तक जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं में सेचुरेशन लाने के उद्देश्य से क्लस्टर स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को बैतूल जनपद के ग्राम टाहली में आयोजित जनकल्याण शिविर का निरीक्षण किया।

      निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आधार कार्ड बनाने, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आधार कार्ड निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

       शिविर में ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं होने की समस्या उठाए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने बताया कि ग्राम टाहली को गढ़ा समूह जल प्रदाय परियोजना में शामिल किया गया है, जिससे भविष्य में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही तात्कालिक समाधान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल बोर खनन कराने के निर्देश दिए।

       कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने बुजुर्ग शारदा बाई के फौती नामांतरण प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने तथा माता-पिता के आश्रय से वंचित उनकी पोती की शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीण धनराज द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत किए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश पंचायत को दिए गए।उन्होंने राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं विद्युत संबंधी समस्याओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा वर्षा ऋतु में कीचड़ एवं जलभराव की समस्या बताए जाने पर सीमांकन कराकर सड़क एवं नाली निर्माण कराने के निर्देश पंचायत को दिए गए।

       ग्रामीण तुलसीबाई द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पात्रता के अनुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं भूरा देशमुख की ई-टोकन जनरेट नहीं होने की समस्या का मौके पर ही निराकरण कराया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा व्यवस्थित सर्वे कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।

       ग्राम में विगत दो वर्षों के दौरान एक भी मातृ एवं शिशु मृत्यु का प्रकरण दर्ज नहीं होने पर एएनएम ममता रघुवंशी के समर्पित एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए।

       कलेक्टर डॉ सोनवणे ने आंगनवाड़ी केंद्र के संचालन एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्राम में सक्षम स्वयं सहायता समूह का चयन कर मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर कुपोषित बच्चों को थर्ड मील अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं एवं विद्यालय संचालन की जानकारी भी ग्रामीणों से प्राप्त की।

17 Views
What do you think?

Leave a Reply