जनजातीय ग्रामों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए : केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उईके

दस्तावेज और जानकारी के अभाव में कोई पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे

जिला विकास समन्वय एवं जिला निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

     बैतूल  केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद बैतूल श्री दुर्गादास उईके ने कहा है कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण योजना है। जिले के चिन्हित सभी 554 जनजातीय ग्रामों में सड़क, बिजली, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है तथा जहां भी समस्याएं आ रही हैं, उनका विभागीय समन्वय से स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

       केंद्रीय मंत्री श्री उईके जिला विकास समन्वय एवं जिला निगरानी समिति दिशा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन, वनमंडलाधिकारी श्री नवीन गर्ग, वनमंडलाधिकारी श्री अरिहंत कोचर सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

       बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने निर्देश दिए कि दस्तावेजों या जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित किया जाए तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्कूल, आंगनवाड़ी और अन्य सार्वजनिक भवनों की डीपीआर में बाउंड्रीवाल, शौचालय, पेयजल व्यवस्था तथा शिक्षकों के आवास को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। पंचायतों में उपलब्ध खर्च नहीं की गई राशि की कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकता वाले कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

       प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवासों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा लाभ वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। योजनाओं में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पात्रता एवं स्वीकृति प्रक्रिया को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

     प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री उईके ने सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा परफॉर्मेंस पीरियड के दौरान आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा अधूरी सड़कों के निर्माण कार्यों को वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

      प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में कोई पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे। अपात्र हितग्राहियों को भी स्थिति से अवगत कराया जाए। बताया गया कि 12 से 18 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। बैठक में जैविक खेती, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने खाद वितरण को सरल और सुगम बनाने, वन पट्टाधारियों को खाद उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

        पीएम स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजना में तेजी लाने तथा ग्राम सभाओं का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। जिले में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण संबंधी लंबित समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

              अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, जल संरचनाओं एवं पार्क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी नगरीय निकायों में निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने तथा धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में गति लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव की समस्या से बचाव के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

       प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान श्री उईके ने जिले की प्रदेश में अग्रणी स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने पर भी बल दिया। जल संरक्षण की दिशा में जिले के 22 तालाबों से सिल्ट हटाने के कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त की तथा स्टॉपडैम, बैराज, वाटर हार्वेस्टिंग एवं वाटरशेड प्रबंधन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नहरों की सफाई एवं मरम्मत कराने पर भी जोर दिया।

       बैठक में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन, गौ-संरक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के प्रयासों, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

        स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड वितरण, टीबी एवं सिकल सेल रोगियों की स्क्रीनिंग और उपचार की जानकारी ली गई। श्री उईके ने जिले में जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर बल दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हाल ही में चयनित 32 चिकित्सकों की जिले में प्राथमिकता के आधार पर पदस्थापना की जाएगी।

       लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने नल-जल योजनाओं की नियमित एवं सूक्ष्म निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने जिला अस्पताल में रेफर होने वाले मामलों एवं मातृ मृत्यु प्रकरणों की प्रभावी मॉनिटरिंग की आवश्यकता बताई। भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान ने संपर्क विहीन ग्रामों को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग रखी। विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार ने भी क्षेत्रीय समस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों को बैठक में उठाया।

6 Views

Leave a Reply