Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

जनकल्याण शिविर के माध्यम से मिलेगा योजनाओं का लाभ

2 min read
Text Size:

-विकासखंड और नगरीय निकाय मुख्यालयों पर लगेंगे शिविर
अनोखा तीर, हरदा। जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 12 से 18 जून 2026 की अवधि में तीन दिवसीय ‘जनकल्याण शिविरÓ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएगी। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय के लिए भी आवेदन प्राप्त कर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि शिविरों का रोस्टर इस प्रकार तैयार किया जाए कि कलेक्टर, अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जिला अधिकारी शिविरों में उपस्थित रहकर योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों का निराकरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए पोर्टल पर पृथक मॉड्यूल तैयार कर अधिकारियों को लॉगइन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों की सम्पूर्ण कार्ययोजना, तिथियां एवं नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर पोर्टल पर दर्ज करें। सीएम हेल्पलाइन, लोकसेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत लंबित प्रकरणों, राजस्व मामलों एवं अन्य जनशिकायतों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। शिविरों में विभागीय स्टॉल, सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी, लाभ वितरण, हितग्राही संवाद, सफलता की कहानियों का प्रस्तुतिकरण तथा जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही शिविर स्थलों पर छाया, पेयजल एवं स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply