Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए…

3 min read
Text Size:

-5 से 21 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा
अनोखा तीर, हरदा। जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान के लिए सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय में ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम 21 जून 2026 तक चलेंगे। पौधरोपण अभियान में पीपल, आम, बरगद, नीम आदि के पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल विभाग पर्यावरण विभाग रहेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, वन तथा उद्यानिकी विभाग इस अभियान को क्रियान्वित कराएंगे।
स्वच्छता अभियान
स्वच्छता अभियान में प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग नोडल विभाग रहेगा। शासकीय कार्यालय भवन, स्कूल भवन, छात्रावास भवन आदि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जल स्रोतों के आसपास सफाई एवं गहरीकरण जैसी गतिविधियां भी की जाएंगी।
तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन
12 से 18 जून के बीच जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन कराया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति से संबंधित प्रदर्शनी जनसंपर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जाएगी। सफलता की कहानियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं एवं लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग नोडल विभाग होंगे।
प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं
19 एवं 20 जून 2026 को प्रत्येक जिले में दो स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों एवं अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रदर्शन एवं व्याख्यान भी होंगे। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा, जबकि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग होगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
21 जून 2026 को प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। योग अभ्यास के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। जहां संभव होगा, वहां एक सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का नोडल विभाग आयुष विभाग रहेगा तथा खेल एवं युवक कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग रहेंगे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply