हरदा जीआरपी की बड़ी सफलता, बिछड़ी दो मासूम बेटियों को मां से मिलाया

-तत्परता और सूझबूझ से सुरक्षित मिला बच्चों का परिवार

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो लापता मासूम बच्चियों को उनकी मां से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। जानकारी के अनुसार एक महिला अपनी दो नाबालिग बेटियों अर्पिता 11 वर्ष और आऋषि 6 वर्ष के साथ मुंबई से भोपाल यात्रा कर रही थी। पारिवारिक विवाद के चलते महिला हरदा स्टेशन पर उतर गई थी। बताया गया कि सुबह महिला शौच के लिए गई थी, उस दौरान दोनों बच्चियां सो रही थीं। वापस लौटने पर बच्चियां गायब मिलीं। सूचना मिलते ही जीआरपी हरदा ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरपीएफ की मदद से स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। जांच के दौरान कंट्रोल रूम के माध्यम से जानकारी मिली कि खंडवा जिले की आशापुर चौकी क्षेत्र में मंदिर के पास दो बच्चियां मिली हैं। डीएसपी रेल इटारसी महेंद्र सिंह कुल्हारा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी संजय चौकसे के मार्गदर्शन में जीआरपी हरदा ने तुरंत आशापुर चौकी से संपर्क किया। बच्चियों की फोटो मां को दिखाई गई, जिसकी उसने पुष्टि की। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से मां और बेटियों की बात कराई गई तथा जनता एक्सप्रेस से दोनों बच्चियों को उनकी मां से मिलवाया गया। मां और बेटियों के मिलन का भावुक दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। इस सराहनीय कार्य में प्रधान आरक्षक तुलसीराम यादव, आरक्षक जितेंद्र कुचबंदिया, आरक्षक अनिरुद्ध सिंह चौहान, आरपीएफ हरदा एवं आशापुर चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
——

0 Views

Leave a Reply