-आधुनिक चारा उत्पादन और ‘गौरस एपÓ की मिलेगी जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरदा द्वारा दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए एक जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यशाला आगामी 29 मई 2026 को दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक इंदौर रोड स्थित एल.बी.एस. कॉलेज, हरदा में संपन्न होगी। उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के पशुपालकों को पशु आहार के रूप में साईलेज के उपयोग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही, उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा चारा उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, साईलेज ई-मार्केट प्लेटफॉर्म और शासन के ‘गौरस एपÓ के महत्व एवं उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जागरूक किया जाएगा। उप संचालक डॉ. रामटेके ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष, दुग्ध सहकारी समितियों के पदाधिकारी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़े सभी प्रमुख हितधारक सम्मिलित होंगे। जिले के सभी संबंधित पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों से अपील की गई है कि वे इस कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर उन्नत तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका भरपूर लाभ उठाएं।
————————

