Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

घरेलू विवाद के चलते युवक ने खुद को लगाई आग

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने खुद को पेट्रोल डालकर आग लगा ली। शनिवार सुबह हुई इस घटना में व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी निवासी कुलदीप नागराज ने विवाद के बाद खुद को आग लगा ली, उसकी पत्नी अमृता उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गई थीं, लेकिन कुलदीप वहां से भागकर घर चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद अमृता मदद के लिए सिटी कोतवाली थाने पहुंचीं। टीआई रोशनलाल भारती ने तत्काल एएसआई दिनेश शेखावत को मौके पर भेजा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कुलदीप को घर से बाहर निकाला और दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह सर्जिकल वार्ड में उपचाराधीन है। कुलदीप रेलवे में पॉइंट्समैन है। यह उसकी अमृता के साथ दूसरी शादी है और उनकी एक बेटी भी है। अमृता का आरोप है कि कुलदीप ने उसके भाई को रेलवे में नौकरी दिलाने के बहाने उसके माता-पिता से पांच लाख पैंतीस हजार रुपए लिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद अमृता ने अपने हाथों की नसें काटने की कोशिश की थी। वहीं, कुलदीप का कहना है कि वह पत्नी के आए दिन के झगड़ों से परेशान हो गया था, जिसके चलते उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। डॉक्टरों के मुताबिक, कुलदीप लगभग 45 प्रतिशत झुलसा है और उसका इलाज जारी है।
—————————

0 Views
What do you think?

Leave a Reply