एसडीएम, तहसीलदार उपार्जन केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखें

-वेयर हाउसेस अथवा समितियों में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए – कलेक्टर

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदार गेहूँ उपार्जन केन्द्रों पर पहुँच कर उपार्जन व्यवस्था को किसानों के लिये सुगम बनाएं। जिन वेयरहाउसेस अथवा समितियों में उपार्जन संबंधी अनियमितता पाई जाती है, उनके विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा है कि उपार्जन केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में हम्माल रहें। साथ ही किसानों के लिए छायापानी व विश्राम के उत्तम प्रबन्ध किए जाएं। गुरूवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिन उपार्जन केन्द्रों अथवा वेयरहाउसेस पर किसानों की ज्यादा संख्या हो रही है, वहाँ किसानों को स्लॉट ट्रांसफर की सुविधा पोर्टल पर दी गई है, जिसके तहत एक उपार्जन केन्द्र अथवा वेयरहाउस से एक दिन में अधिकतम 5 किसानों को निकटतम वेयरहाउस अथवा उपार्जन केन्द्र पर स्थानांतरित किया जा सकेगा, जहाँ वे अपनी उपज बेच सकेंगे।
बैंक ऋण एवं खनिज राजस्व वसूली पर सख्ती के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि बैंक ऋण वसूली एवं खनिज राजस्व वसूली के मामलों में सख्ती की जाए। पुराने एवं बड़े बकायादारों से वसूली न होने पर उनके बैंक खाते सीज किए जाएं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर चल, अचल सम्पत्ति कुर्क की जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, आरसीएमएस में दर्ज राजस्व प्रकरणों, हिट एण्ड रन के प्रकरणों एवं अन्य राजस्व कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल एवं अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद थे।
—————————–

0 Views

Leave a Reply