अनोखा तीर, हरदा। आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं टिमरनी विधानसभा के विधायक संजय शाह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाया कि कांग्रेस चक्काजाम कर किसानों को गुमराह कर रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि संजय शाह को जिले एवं प्रदेश के किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरदा जिले में किसान पिछले 10 दिनों से वेयर हाउसों पर रतजगा कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश प्रवक्ता संजय शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार और संजय शाह किसान हितैषी हैं, तो 8 मई को सुबह 10 बजे उनके साथ टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में चलकर किसानों की स्थिति देखें। मोहन सांई ने कहा कि टिमरनी से लेकर रहटगांव तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। उन्होंने अपने साथियों के साथ सभी वेयर हाउसों का दौरा किया, जहां किसान परेशान नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय शाह केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे झूठी वाहवाही लूटने के लिए फर्जी भूमिपूजन और भाजपा कार्यालय में फर्जी जनसुनवाई कर रहे हैं। जबकि किसान पिछले 10 दिनों से वेयर हाउसों पर परेशान हैं और कमल पटेल प्रतिदिन वहां से गुजरते हैं, फिर भी किसानों की समस्या नहीं दिख रही है। मोहन सांई ने कहा कि भाजपा नेताओं को नौटंकी बंद कर किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरदा जिले की मंडियों के रिकॉर्ड देखने पर पता चलेगा कि किसानों ने 10 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं औने-पौने दामों में बेच दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता अपने आकाओं के सामने नंबर बढ़ाने के लिए झूठा गुणगान कर रहे हैं। जनता अब सब समझ चुकी है और कांग्रेस गांव-गांव जाकर भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर करेगी।
———–

