निजी फाइनेंस कंपनी की कार्रवाई से आहत युवक की मौत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-परिवार ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
-बीमारी के चलते नहीं भर पाया था लोन की किश्त

अनोखा तीर, नर्मदापुरम/इटारसी। जुझारपुर पुरानी इटारसी निवासी 40 वर्षीय रोहित यादव की मौत के बाद निजी फाइनेंस कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बीमारी के कारण किश्त जमा नहीं कर पाने पर कंपनी कर्मचारियों ने घर में ताला लगाकर परिवार को बाहर कर दिया, जिससे रोहित गहरे सदमे में चला गया और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। रविवार को उसकी मृत्यु हो गई। परिवार के अनुसार रोहित यादव ने निजी फाइनेंस कंपनी से करीब 15 लाख रुपए का होम लोन लिया था। रोहित एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन पिछले कई महीनों से वह गंभीर रूप से बीमार चल रहा था। बीमारी के कारण वह करीब नौ माह से लोन की किश्त जमा नहीं कर पा रहा था। मामले को लेकर रोहित यादव की मां विमला यादव ने 29 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम को एक लिखित शिकायत भी की थी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोमवार को कंपनी के कर्मचारी अचानक घर पहुंचे और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मकान पर ताला लगा दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उस समय रोहित की तबीयत बेहद खराब थी और वह इलाजरत था, इसके बावजूद परिवार को घर से बाहर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद रोहित मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया था। रोहित के भाई ने डोलरिया निवासी अपने मामा संतोष यादव को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे इटारसी पहुंचे और परिवार को अपने साथ डोलरिया ले गए। परिवार का आरोप है कि कंपनी की कार्रवाई और मानसिक तनाव के कारण रोहित सदमा सहन नहीं कर पाया। आवेदन में परिवार ने कंपनी कर्मचारियों पर बिना पूर्व सूचना घर में ताला लगाने, धमकाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के बाद से पूरे परिवार में शोक की लहर है। रोहित के बड़े भाई राहुल ने बताया कि पूरी घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा एवं इटारसी थाना प्रभारी गौरव बुंदेला को दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी ने राहुल से घर का ताला तोड़ने के लिए कहा। हालांकि, रविवार की छुट्टी होने के कारण निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर या कर्मचारियों से संपर्क नहीं हो सका है।
—————

14 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!