-बोर्ड परीक्षा में 75 से अधिक अंक लाने वाले छात्र हुए प्रोत्साहित
अनोखा तीर, करताना। माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र के शासकीय सांदीपनि विद्यालय करताना में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष विद्यालय का परिणाम 10वीं में 95.6 प्रतिशत और 12वीं में 98.8 प्रतिशत रहा। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं के 14 और 12वीं के 21 प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। समारोह की शुरुआत सरस्वती पूजन के साथ हुई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा 75प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर, पुष्पमाला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलराम पटेल रहे, जिन्होंने अपनी माता की स्मृति में 10वीं के टॉपर एक छात्र एवं एक छात्रा तथा 12वीं के टॉपर एक छात्र एवं एक छात्रा को प्रतिवर्ष 5-5 हजार रुपये की नगद राशि देने की घोषणा की। प्राचार्य पीसी दादरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुशासित वातावरण और नियमित अभ्यास को देते हुए जूनियर विद्यार्थियों के साथ अपनी स्टडी टिप्स भी साझा कीं। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी झलक रही थी। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक प्रमोद उमरिया ने कहा कि ऐसे प्रोत्साहन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे आगामी चुनौतियों के लिए आत्मविश्वास के साथ तैयार होते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजय भदौरिया ने किया। श्रद्धा ठाकरे, सोहागसिंह कटारे, प्रधान पाठक संजय अग्रवाल, गिरीश पारे और दुर्गेश मंडराई ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संतोष सिंह राजपूत ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

