-जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि जिले में ‘आधुनिक स्वास्थ्य और आधुनिक हरदाÓ की थीम पर स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। कलेक्टर श्री जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में बताया कि जिले में दो आधुनिक टेक्नालॉजी से सुसज्जित एम्बुलेंस तथा 6 आधुनिक चिकित्सा मशीनें उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार हुआ है। बैठक में कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय परिसर में स्मार्ट कैमरे लगाने तथा साफ-सफाई व्यवस्था हेतु रोगी कल्याण समिति के माध्यम से आधुनिक मशीनें क्रय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि गर्भावस्था के दौरान की जा रही 4 जांचों की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करें। जिन क्षेत्रों में जानकारी अपडेट करने में समस्या आ रही है, वहां बीएमओ स्वयं जाकर वस्तु स्थिति की जानकारी लें। उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर रक्त अल्पता वाली गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज के डोज लगाये जाएं। उन्होने कहा कि जिन महिलाओं में रक्त की मात्रा अत्यधिक कम है, उन्हें शतप्रतिशत ब्लड ट्रांसफ्युजन कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने टीकाकरण की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि सभी अधिकारी टीकाकरण की सही जानकारी पोर्टल पर समय पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें। जो अधिकारी अथवा कर्मचारी समय पर डाटा अपडेट नहीं करेंगे, उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि अधिकारी आभा आईडी का डेटा रिव्यु करें। साथ ही स्कूल के विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर नि:शुल्क चश्मा वितरित करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी. सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश गौड़, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, तीनों विकासखण्डों के प्रमुख खण्ड चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम नोडल अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

