अनोखा तीर, बालागांव। ग्राम बूँदडा में गणगौर महोत्सव के आठवें दिवस धनियर राजा एवं रनुबाई की पारंपरिक पानी यात्रा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। यह यात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गों से होती हुई निर्धारित स्थल पर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ धनियर राजा और रनुबाई का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में उपस्थित परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने परंपरा अनुसार पैर पखारने की रस्म निभाई। इस दौरान ग्राम के प्रमुख चौराहों पर माता रानी के सुंदर झालरे लगाए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। रात्रि में माता रानी के पंडाल में भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न भजन मंडलियों ने पूरी रात अपनी प्रस्तुति दी। मंडलियों द्वारा गाए गए माता रानी के विदाई गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। इस अवसर पर परिवार के सभी सदस्य, ग्रामवासी एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाओं द्वारा माता रानी एवं धनियर राजा की गोद भराई की रस्म भी निभाई गई। आयोजक ओमप्रकाश सिनगाने, रामनिवास सिनगाने, निशान्त सिनगाने एवं रामकृष्ण करोड़े, आनंद करोड़े, सृजल करोड़े परिवार द्वारा ग्राम में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ गणगौर महोत्सव मनाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

