-एक की मौत, 6 लोग घायल
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के दीपगांव कला में बुधवार सुबह जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान दीपगांव निवासी अमरसिंह पिता जयसिंह कलम के रूप में हुई है। घायलों में अमरसिंह के भाई सूरत सिंह, रामभरोस, आनंद सिंह, हरिसिंह, सतीश राजपूत और दूसरे पक्ष से नारायण राजपूत शामिल हैं। सभी घायलों को पहले सिराली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जमीन को लेकर हुआ विवाद
एसपी शशांक ने बताया कि एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच एक एकड़ जमीन पर बखरनी कर कब्जा करने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के भाई आनंद सिंह राजपूत की शिकायत पर रूपसिंह पटेल, भागवत सिंह, कैलाश, दिनेश, नारायण, हरिओम और गोलू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कुल्हाड़ी, दरांती और लाठी से हमला
आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी पक्ष के लोग उनके रिश्तेदार हैं। जमीन को लेकर मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। बुधवार सुबह आरोपी रूपसिंह सहित करीब 15 लोग जमीन पर कब्जा करने पहुंचे और बखरनी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी, दरांती और लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें अमरसिंह की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, यह जमीन उनके नाना घनश्याम पटेल से जुड़ी है। परिवार के बीच पहले से ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में लंबित है। घटना की सूचना मिलते ही सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एएसपी अमित कुमार मिश्रा और प्रभारी एसडीओपी अरुणा सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक अमरसिंह के शव का पोस्टमार्टम खिरकिया अस्पताल में कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह विवाद जमीन पर कब्जे को लेकर मामा और बुआ के परिवारों के बीच हुआ बताया जा रहा है। एएसपी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम दीपगांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर विवाद के कारणों की जांच कर रही है।
Views Today: 8
Total Views: 8

