अनोखा तीर, हरदा। हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष तथा समर्पित समाजसेवी सुरेश पचौरी का आज आकस्मिक निधन हो गया। समीपवर्ती ग्राम कमताड़ा निवासी सुरेश पचौरी बीती रात अपने खेत पर मजदूरों के साथ पानी देने में जुटे हुए थे। रात्रि लगभग ३ बजे उन्हें हल्का दर्द महसूस हुआ और वह खेत में ही एक स्थान पर आराम करने बैठ गए। कुछ समय पश्चात जब उन्हें उनके पुत्र अनिल द्वारा चाय के लिए आवाज दी गई तो कोई प्रतिउत्तर न आने पर जब पास जाकर देखा तो उनके प्राण पंखेरू उड़ चुके थे। आकस्मिक हृदयगति रुकने से हुए इस निधन के समाचार से न केवल हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज अपितु आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शोक व्याप्त हो गया। श्री पचौरी समाजसेवा एवं परोपकार के कार्यों में हमेंशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। आम लोगों के बीच उनकी सक्रियता और लोकप्रियता लंबे समय से बनी रही है। आज उनके आकस्मिक देवलोक गमन की सूचना से सभी स्तब्ध रह गए। उल्लेखनीय है कि सुरेश पचौरी के नेतृत्व में हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज की हरदा स्थित धर्मशाला एवं श्रीराम मंदिर का निर्माण उनके कार्यकाल की उपलब्धि के रूप में हमेशा यादगार रहेगा। आज ग्राम कमताड़ा के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर बड़ी तादाद में उपस्थित जनसैलाब ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। दैनिक अनोखा तीर परिवार की ओर से ऐसे समर्पित समाजसेवी को विनम्र श्रद्धांजलि।
हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी का निधन

38 Views




