– अंशुल अग्रवाल अध्यक्ष और डॉ.माधव बंसल सचिव मनोनीत
– कृष्णदास चाचरे व प्रहलाद शर्मा ने ली नवीन सदस्यता
अनोखा तीर, हरदा। संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा, समर्पण का ध्येय वाक्य लेकर समाज निर्माण से विकसित राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में कार्य करने वाली भारत विकास परिषद का आज वार्षिक सम्मेलन संपन्न हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र जैन के मुख्य आतिथ्य तथा प्रांतीय महासचिव विजय नामदेव की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक दौरान नवीन कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण तथा नवीन पदाधिकारियों का शपथग्रहण हुआ। परिषद के पूर्व अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि प्रांतीय महासचिव विजय नामदेव ने बतौर शपथ अधिकारी के नवीन कार्यकारिणी सदस्यों को विधिवत शपथ ग्रहण कराई। जिसमें अध्यक्ष पद हेतु अंशुल अग्रवाल, सचिव पद पर डॉ. माधव बंसल, कोषाध्यक्ष के लिए पुन: डॉ. विपुल बांगड़, उपाध्यक्ष पद पर सचिन उपाध्याय, सह सचिव के तौर पर अंकित सराफ, संस्कार प्रमुख के रूप में देवेंद्र दुआ, सेवा प्रमुख हेतु डॉ. राधा मोहन अग्रवाल तथा महिला प्रमुख के लिए श्रीमती डॉ. आशा बांगड़, संपर्क प्रमुख हेतु प्रो. विजय अग्रवाल एवं पर्यावरण सुरक्षा प्रमुख के तौर पर महेश सादानी को शपथ ग्रहण कराई गई। इस दौरान नवीन सदस्य के रूप में कृष्णदास चाचरे तथा प्रहलाद शर्मा ने सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में संघ के शहर सर संघ चालक नरेन्द्र भामू, प्रांतीय समन्वयक राजनारायण मौर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन में प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने भारत विकास परिषद की मूल अवधारणा तथा विभिन्न जिला एवं तहसील शाखाओं द्वारा किए जाने वाले जन सेवा के कार्यो का उल्लेख करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। वहीं प्रांतीय महासचिव श्री नामदेव ने परिषद के सेवा प्रकल्पों के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों से प्रेरणा लेकर और बेहतर का संदेश दिया। आयोजन दौरान इंदौर से आएं परिषद के भूपेश जैन ने भारत विकास परिषद के गठन से लेकर अभी तक की गतिविधियों तथा उसके संघर्ष पूर्ण कार्यों का संपूर्ण इतिहास प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर किस तरह 12 जनवरी 1963 को डॉ. सूरज प्रकाश द्वारा इसका गठन किया गया था। भारत चीन युद्ध दौरान शहीद हुए भारतीय सैनिकों के परिजनों तथा घायल सैनिकों का मनोबल बढ़ाने में किस तरह भूमिका निभाई थी। श्री जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद की वर्तमान में देश भर में 1600 से अधिक शाखाएं हैं, जो 400 से अधिक जिलों में समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। यह 84,000 से अधिक परिवारों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा के कार्यों से जुड़ी एक प्रमुख स्वयंसेवी संस्था है। परिषद द्वारा किए गए कार्यों को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार भी प्रदान किया गया है। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष अंशुल अग्रवाल ने कहां कि सभी परिषद सदस्यों द्वारा मुझे जो दायित्व सौंपा गया है, मैं आप सभी के सहयोग से इसे पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का प्रयास करूंगा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ.शिरीष अग्रवाल द्वारा तथा समापन अवसर पर सभी का आभार प्रदर्शन देवेंद्र दुआ द्वारा किया गया।

Views Today: 24
Total Views: 24

