– केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्निक किए दर्शन
– हजारों श्रद्धालुओं के बीच मां विजयासन की आराधना, प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगी प्रार्थना
अनोखा तीर, बुदनी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ मां विजयासन देवी मंदिर सलकनपुर पहुंचे। जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ मां विजयासन की पूजा-अर्चना की। नवरात्रि के छठे दिन मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंत्री दंपति ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनता के कल्याण के लिए माता रानी से प्रार्थना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर जय माता दी के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई। चैत्र नवरात्रि के चलते सलकनपुर धाम में रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यह मंदिर मध्यप्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां दूर-दराज से भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं। माना जाता है कि मां विजयासन देवी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ता है।


Views Today: 36
Total Views: 36

