अनोखा तीर, सोडलपुर। गांव सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में इन दिनों गणगौर उत्सव की धूम देखने को मिल रही है। शाम होते ही माता रानी के सजे-धजे पंडालों में क्षेत्र के विभिन्न मंडल पहुंचकर देर रात तक आकर्षक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकार अपनी मनमोहक नृत्य और भजन प्रस्तुतियों से दर्शकों को तालियां बजाने और झूमने पर मजबूर कर रहे हैं। ग्राम की इंदिरा कॉलोनी में पूनम भाटी के यहां माता रानी पावने आई हुई हैं। यहां प्रतिदिन गोरारानी के साथ गांव की महिलाएं शाम होते ही पंडाल में पहुंचकर झालरें दे रही हैं और श्रद्धा-भक्ति का वातावरण बना रही हैं। वहीं, महोत्सव के दौरान दिन में भी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। महिलाएं आम के पेड़ के नीचे एकत्रित होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ झालरे और स्वांग की प्रस्तुतियां दे रही हैं, जिससे गांव में लोक संस्कृति जीवंत हो उठी है। करीबी ग्राम बहरागांव में भी रामकृष्ण पाटिल के यहां माता रानी को पावने बुलाया गया है। यहां भी प्रतिदिन क्षेत्र के मंडल देर रात तक नृत्य और भजन की सुंदर प्रस्तुतियां दे रहे हैं। कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात तक पंडालों में मौजूद रहते हैं। गणगौर उत्सव के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना हुआ है, जिसमें महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिल रही है।
Views Today: 14
Total Views: 14

