Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

40 रुपए बोनस से किसानों को राहत नहीं

2 min read
Text Size:

-गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए किया जाए : विधायक दोगने
अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री एवं प्रमुख सचिव खाद्य विभाग भोपाल को पत्र प्रेषित कर गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की है। विधायक डॉ. दोगने द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किसानों से गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की गई है, किंतु प्रदेश के किसानों की वास्तविक स्थिति और लगातार बढ़ रही कृषि लागत को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है। आज किसान बीज, उर्वरक, कीटनाशक, डीजल, बिजली एवं मजदूरी जैसे आवश्यक कृषि आदानों की लगातार बढ़ती कीमतों से जूझ रहा है। खेती की लागत में भारी वृद्धि होने के बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में मात्र 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता। मध्य प्रदेश देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में से एक है और प्रदेश के लाखों किसान परिवार अपनी आजीविका के लिए गेहूं उत्पादन पर निर्भर हैं। यदि किसानों को उनकी उपज का न्यायोचित मूल्य नहीं मिलेगा तो यह उनकी आर्थिक स्थिति को और अधिक कमजोर करेगा। विधायक ने मांग की है कि किसानों की मेहनत और बढ़ती लागत को देखते हुए उन्हें उनकी उपज का उचित प्रतिफल मिलना अत्यंत आवश्यक है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए, जिससे किसानों को उनकी उपज का सम्मानजनक मूल्य मिल सके तथा प्रदेश के कृषि क्षेत्र को मजबूती प्राप्त हो सके।

36 Views
What do you think?

Leave a Reply