-गमी वाले परिवारों तक पहुंचकर दी सांत्वना
अनोखा तीर, हरदा। रंगों के पर्व होली के दूसरे दिन धुलेंडी का उत्सव गुरव समाज द्वारा उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरव मोहल्ला खेड़ीपुरा स्थित पंचायती भवन में समाजजन एकत्रित हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर हर्ष और उल्लास का माहौल दिखाई दिया। पंचायती भवन में आयोजित इस मिलन समारोह में समाज के वरिष्ठजन, युवा और बच्चे सभी ने मिलकर धुलेंडी का पर्व मनाया। इस अवसर पर समाज द्वारा अल्पाहार की व्यवस्था भी गई थी, समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए खुशियां साझा कीं। इस दौरान समाजजनों के बीच आत्मीय मुलाकात और संवाद का माहौल बना रहा। धुलेंडी के अवसर पर समाज के लोगों ने एक सराहनीय पहल करते हुए उन परिवारों के घर भी जाकर गुलाल लगाया, जिनके यहां हाल ही में गमी हुई थी। समाजजनों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और उनके दुख में सहभागी बनते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। समाजजनों ने कहा कि होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं बल्कि आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक परंपराओं को जीवित रखने का भी अवसर है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सहयोग और संवाद की भावना को बल मिलता है। धुलेंडी के इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर रंगों के इस पर्व की खुशियां साझा कीं।

