अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने प्रमुख सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग भोपाल, आयुक्त नर्मदापुरम संभाग तथा हरदा कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं, चना, सरसों एवं मसूर फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं, चना, सरसों एवं मसूर फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। किंतु पंजीयन पोर्टल समय पर प्रारंभ नहीं होने तथा तकनीकी समस्याओं के कारण जिले के बड़ी संख्या में किसान अब तक पंजीयन से वंचित रह गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि होली पर्व के अवकाश के कारण भी कई किसानों को पंजीयन कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे निर्धारित समय-सीमा में सभी पात्र किसानों का पंजीयन संभव नहीं हो सका। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने किसानों के हित में संवेदनशील निर्णय लेते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि में यथोचित वृद्धि करने की मांग की है, ताकि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज विक्रय करने से वंचित न रहे।

