पुलिस जवानों ने खेली होली

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-जमकर उड़ा रंग- गुलाल, खूब लगाए ठुमके
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जहां आमजन ने रंग-गुलाल के साथ उत्सव मनाया, वहीं गुरुवार को जिला पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने भी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद जमकर होली खेली। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और ढोल की थाप पर नाचकर पर्व का आनंद लिया। कार्यक्रम में एसपी शशांक और एएसपी अमित मिश्रा सहित तीनों संभागों के एसडीओपी और सभी थानों के टीआई मौजूद रहे। इन सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और संगीत की धुन पर खूब नृत्य किया। विभिन्न थानों के जवानों ने भी इस उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एसपी शशांक ने सभी कर्मचारियों को पूरे उत्साह के साथ होली का पर्व मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि लगातार ड्यूटी के कारण आई थकान को दूर करें, लेकिन पर्व को सादगी और अनुशासन में रहकर ही मनाएं। एसपी ने सभी को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी। इस बार पुलिस की होली में महिला पुलिसकर्मियों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिला पुलिसकर्मियों की टोलियों ने न केवल एक-दूसरे को गुलाल लगाया, बल्कि फिल्मी और लोकगीतों पर जमकर नृत्य भी किया। महिला थाने से लेकर पुलिस लाइन तक महिला कर्मियों का जोश देखते ही बन रहा था। उल्लेखनीय है कि मंगलवार और बुधवार को जब पूरे शहर के लोग रंग-गुलाल खेलने में व्यस्त थे, तब पुलिस के जवान व्यवस्था बनाने में मुस्तैद थे। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करते दिखाई दिए और हुड़दंग मचाने वालों को नियंत्रित किया।

Views Today: 6

Total Views: 6

Leave a Reply

error: Content is protected !!