अनोखा तीर, सिराली। नगर के मुक्तिधाम परिसर में पेड़ी घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। पिछले कुछ दिनों से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नगर में चर्चा का विषय बना हुआ था। कुछ नागरिकों द्वारा घटिया निर्माण की आशंका जताई जा रही थी, जिसके चलते नगर के जागरूक नागरिक स्थल पर पहुंचे और अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदगण को भी मौके पर बुलवाया गया। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पीआईसी के पार्षदगण ने उपस्थित नागरिकों को निर्माण कार्य की संपूर्ण जानकारी दी और कार्य की प्रगति से अवगत कराया। साथ ही संबंधित इंजीनियर से दूरभाष पर चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता है कि मुक्तिधाम जैसे आस्था और संवेदनशील स्थल पर निर्माण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और मजबूती के साथ हो। उन्होंने जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर विकास में जनता का सहयोग और सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मीडिया प्रतिनिधियों को भी धन्यवाद दिया गया, जिनके प्रयासों से निर्माण कार्यों की सतत निगरानी होती है और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। इस अवसर पर यह प्रस्ताव भी रखा गया कि मुक्तिधाम के लिए एक पृथक समिति, गोशाला के लिए एक समिति तथा नगर परिषद स्तर पर एक समन्वय समिति गठित की जाए, ताकि नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर समय-समय पर सुझाव लेकर बेहतर कार्य किया जा सके। अध्यक्ष एवं पार्षदगण ने नगरवासियों से अपील की कि वे इसी प्रकार रचनात्मक सहयोग देते रहें, ताकि नगर का विकास कार्य सुचारू, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से आगे बढ़ता रहे।
Views Today: 4
Total Views: 4

