अनोखा तीर, गहाल। पोस्ट ऑफिस गहाल में वर्ष 1984 से निरंतर सेवाएं दे रहे कैलाश कुशवाह 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो गए। लगभग 42 वर्षों तक उन्होंने ग्राम गहाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी ईमानदार सेवाएं प्रदान कीं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर पोस्ट ऑफिस परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। सहकर्मियों एवं ग्रामवासियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर सुनील सिंह तोमर ने कहा कि कुशवाह जी अत्यंत सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठ, निष्ठावान और ईमानदार व्यक्ति हैं। वे अपने कार्य के प्रति सिद्धांतवादी रहे हैं। उनके जीवन में कभी किसी के प्रति बुराई के शब्द उनके मुख से नहीं निकले। एक बार यदि उन्हें कोई जिम्मेदारी दे दी जाती थी, तो वे उसे पूरी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ पूर्ण करते थे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। ग्रामवासियों ने कहा कि उनकी सेवाएं हमेशा याद की जाएंगी।

