Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

विधायक ने विधानसभा में उठाया जर्जर सड़कों का मुद्दा

3 min read
Text Size:

-बजट में शामिल कर निर्माण की मांग
अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा नियम 138(1) के अंतर्गत हरदा जिले की जर्जर सड़कों का मुद्दा ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया। विधायक डॉ. दोगने ने सदन में कहा कि हरदा जिला अंतर्गत विभिन्न ग्रामों को जोड़ने वाली लिंक सड़कें अत्यंत जर्जर एवं दयनीय स्थिति में हैं। ये सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य आवागमन का साधन हैं, किंतु वर्तमान में इनकी हालत इतनी खराब है कि क्षेत्रवासियों को 10 से 15 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणजन अत्यधिक परेशान हैं। विधायक द्वारा जिन मार्गों का उल्लेख किया गया, उनमें प्रमुख रूप से ग्राम मक्तापुर से सोनपुरा तक 04 कि.मी., ग्राम रन्हाई से ग्राम कुकरावद तक 03 कि.मी., ग्राम अबगांवकला-भैरोपुर मार्ग (दानाबाबा के पास नहर मार्ग होते हुए) ग्राम भुन्नास तक 06 कि.मी., ग्राम ऊँडा से ग्राम कोटल्याखेड़ी तक 03.50 कि.मी., ग्राम हंडिया से ग्राम हीरापुर तक 03 कि.मी., ग्राम सुखरास से ग्राम खारपा तक 03 कि.मी., ग्राम सारंगपुर से कुडावा तक 05 कि.मी., ग्राम पलासनेर से ग्राम पहतगांव तक 04 कि.मी., ग्राम झल्लार से ग्राम झिरी तक 03 कि.मी., ग्राम जटपुरा से ग्राम कडोला राघो तक 02 कि.मी., ग्राम सांगावामाल से ग्राम सारसूद तक 04 कि.मी., ग्राम सक्तापुर से ग्राम सुल्तानपुर तक 04 कि.मी. तथा ग्राम पहनपाट से ग्राम सारंगपुर तक 06 कि.मी. शामिल हैं।  इन मार्गों की दयनीय स्थिति के कारण आमजन, छात्र-छात्राओं, किसानों एवं मरीजों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा ऋतु में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जिससे आवागमन पूर्णत: बाधित हो जाता है। इस संबंध में विधायक ने सरकार से मांग की कि उपरोक्त सड़क मार्गों को आगामी बजट में प्राथमिकता के आधार पर शामिल कर स्वीकृति प्रदान की जाए तथा शीघ्र निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उक्त सड़क निर्माण कार्यों के संबंध में विधायक डॉ. दोगने ने लोक निर्माण विभाग मंत्री से उनके कक्ष में व्यक्तिगत मुलाकात कर पत्र सौंपकर भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि हरदा जिले के ग्रामीण अंचलों की जर्जर लिंक सड़कें केवल सड़क का विषय नहीं, बल्कि आमजन के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की आजीविका से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। वर्षों से उपेक्षित इन मार्गों की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को अतिरिक्त दूरी तय करने की मजबूरी है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉ. दोगने ने कहा कि वे हरदा की जनता की आवाज को सदन से लेकर विभाग तक लगातार उठाते रहेंगे और क्षेत्र के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे।

85 Views
What do you think?

Leave a Reply