-जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट दो सत्रों में गरिमामय रूप से संपन्न
अनोखा तीर, हरदा। विकसित भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को भाऊ साहेब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय, टिमरनी में जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘आपातकाल के 50 वर्ष लोकतंत्र के लिए सबकÓ निर्धारित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ विकसित करना रहा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना, माय भारत तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
प्रथम सत्र : उद्घाटन एवं प्रतियोगिता सत्र
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक सरस्वती वंदना से हुआ। सर्वप्रथम स्वागत भाषण डॉ. अरुण सिकरवार द्वारा प्रस्तुत किया गया। अतिथियों का परिचय सुश्री मीनाक्षी यादव द्वारा दिया गया। प्रथम सत्र में प्रशासनिक अधिकारी अशोक श्रोती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के युवा अधिकारी राजकुमार वर्मा तथा माय भारत की प्रतिनिधि श्रीमती मोनिका चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जेके जैन द्वारा की गई। मुख्य अतिथि अशोक श्रोती ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता सत्र में प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने हेतु तीन मिनट का समय प्रदान किया गया। इस समय-प्रबंधन प्रणाली का सफल संचालन डॉ. दुर्गेश नंदिनी अग्रवाल एवं डॉ. ज्योति काशीव द्वारा किया गया। प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष एवं विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके सामाजिक-राजनीतिक प्रभाव तथा लोकतंत्र के लिए मिलने वाली सीख पर गंभीर एवं तथ्यपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी अब मध्य प्रदेश विधानसभा में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे तथा राज्य स्तर पर विजयी होने पर संसद भवन, नई दिल्ली में प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त करेंगे। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सभी अतिथियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सहयोग, व्यवस्थाएँ एवं संचालन
संपूर्ण कार्यक्रम का यूट्यूब लिंक के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। संपूर्ण महाविद्यालय स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति एवं महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विभिन्न समितियों के माध्यम से कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया। संपूर्ण जलपान एवं भोजन व्यवस्था डॉ. संजीत सोनी के निर्देशन में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. सुनीत काशीव द्वारा किया गया। यह जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय पहल सिद्ध हुई, जिसने लोकतांत्रिक चेतना, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया।
Views Today: 28
Total Views: 28

