-चांदी के लाखों रुपए के आभूषण और नगदी चुराई
अनोखा तीर, हरदा। शहर की अभिषेक ग्रीन वैली कॉलोनी में कलेक्ट्रेट अधीक्षक अतुल शुक्ला के सूने मकान में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घर से लाखों रुपये के चांदी के आभूषण सहित नकदी चुरा ले गए। परिवार मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गया था। सिविल लाइन थाना टीआई आरएस तिवारी ने बताया कि अतुल शुक्ला ने सोमवार सुबह थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे शुक्रवार को अपने परिवार के साथ गिरिराज जी के दर्शन के लिए गए थे। सोमवार सुबह 9 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मकान मालिक अतुल शुक्ला के अनुसार, चोरों ने घर के सभी कमरों का सामान बिखेर दिया। घर से करीब दस हजार रुपये नकद और चार से पांच लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रात करीब 3 बजकर 6 मिनट पर चार संदिग्ध युवक घर के अंदर प्रवेश करते दिखाई दिए हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में लाल रंग की थैली थी, जिससे आशंका है कि उसी में रखे औजारों से उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा होगा। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि रात में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर एक बुजुर्ग चौकीदार की नींद खुली थी। जब उन्होंने बदमाशों को रुकने के लिए आवाज लगाई, तो चोरों ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और मौके से फरार हो गए।

Views Today: 18
Total Views: 18

