एबीवीपी के आंदोलनों से महाविद्यालय की पढ़ाई प्रभावित, कांग्रेस नेताओं ने उठाए सवाल

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। विगत तीन दिनों से भारतीय जनता पार्टी एवं आरएसएस द्वारा पोषित छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा स्थानीय पीएम श्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में छोटी-मोटी समस्याओं को लेकर धरना, आंदोलन, चक्का जाम तथा प्राचार्य के कक्ष में घुसकर व्यवधान उत्पन्न करने जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। विद्यार्थी परिषद की इन गतिविधियों से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परीक्षा का समय नजदीक होने के बावजूद किए जा रहे इन आंदोलनों को लेकर छात्रहित पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता आदित्य गार्गव, विधायक प्रतिनिधि अनिल विश्नोई एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पूर्व अध्यक्ष योगानंद राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है और महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति भी अस्तित्व में है, इसके बावजूद सत्ताधारी दल से जुड़ा यह छात्र संगठन प्रदेश नेतृत्व का विरोध करने के बजाय प्रभारी प्राचार्य एवं प्राध्यापकों को निशाना बनाकर दबाव की राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रभारी प्राचार्य के कक्ष में ताला लगाया, उन्हें कक्ष में बैठने से रोका और बाहर निकालने का प्रयास कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की, जिससे संगठन का दलित एवं महिला विरोधी चेहरा उजागर होता है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा महाविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद किया गया तथा नागपुर-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं का उल्लंघन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संगठन कभी नगर के अन्य महाविद्यालयों में उत्पन्न समस्याओं को लेकर सामने नहीं आया और न ही निजी महाविद्यालयों द्वारा छात्रों से वसूली जा रही भारी फीस के खिलाफ कोई आंदोलन किया। इससे स्पष्ट होता है कि संगठन का उद्देश्य छात्रहित न होकर सत्ताधारी दल की राजनीतिक कठपुतली के रूप में कार्य करना है।  कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि वे इस पूरे घटनाक्रम में शीघ्र हस्तक्षेप कर छात्र विरोधी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कराएं तथा महाविद्यालय में अध्ययन कार्य शीघ्र एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

Views Today: 4

Total Views: 108

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!