अनोखा तीर, रहटगांव। थाना रहटगांव क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई ट्रॉली भी बरामद कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोगराना निवासी फरियादी मंगल पिता नन्हे यादव ने 2 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र द्वारा हाल ही में खरीदी गई ट्रैक्टर ट्रॉली, जो घर के सामने रोड किनारे खड़ी थी, अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। ट्रॉली पर पहचान के लिए विशेष निशान और मोबाइल नंबर भी लिखे हुए थे। रिपोर्ट पर थाना रहटगांव में अपराध क्र.56/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। मुखबिर की सूचना पर ग्राम अमलाड़ा कला क्षेत्र में एक ट्रॉली नई रंगाई-पुताई की हुई खड़ी होने की जानकारी मिली, जो चोरी गई ट्रॉली से मिलती-जुलती थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रॉली जब्त की और संदेह के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम मोगराना से ट्रॉली चोरी करना स्वीकार किया तथा पहचान छुपाने के लिए ट्रॉली पर आसमानी नीले रंग से पेंट करवाना बताया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी आदर्श उड़ेके, लोकेश पाल एवं नेपाल कोरकू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वाहन एवं कृषि उपकरण सुरक्षित स्थान पर खड़े करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Views Today: 18
Total Views: 18

