Skip to content
Saturday, 17 October 2026
नर्मदापुरम

अपने पिता और दादी की गलतियों पर राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए : मोहन यादव

4 min read
Text Size:

 -माखननगर में लाड़ली बहनों को 1500 रुपये की सौगात
– 1836 करोड़ का सिंगल क्लिक से अंतरण
अनोखा तीर, नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माखननगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की सहायता राशि की बड़ी सौगात देते हुए सिंगल क्लिक के माध्यम से 1836 करोड़ रुपए की राशि लाभार्थियों के खातों में अंतरित की। इसके साथ ही 29 लाख महिलाओं को 450 रुपए में एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने के लिए 90 करोड़ रुपए की अनुदान राशि भी ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर काम कर रही है और आने वाले समय में इस राशि को और बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए रेस्ट हाउस का लोकार्पण किया और राष्ट्रकवि दादा माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के गौरव और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने मंच से कई विकासात्मक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बनखेड़ी से नर्मदापुरम तक स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की स्वीकृति देने तथा सोहागपुर में शासकीय कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी जैसा भयावह कांड कांग्रेस शासनकाल में हुआ, जिसकी मार आज भी हजारों परिवार झेल रहे हैं। आज भी लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, पीढ़ियां प्रभावित हुई हैं और कई परिवार पूरी तरह तबाह हो गए। उन्होंने कहा कि यह इतिहास का सबसे बड़ा औद्योगिक हादसा था, लेकिन कांग्रेस ने न तो पीड़ितों को न्याय दिलाया और न ही दोषियों को सजा दिलवाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अपने पिता और दादी की सरकारों की गलत नीतियों और फैसलों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। जिन गलतियों की वजह से लाखों लोगों का जीवन प्रभावित हुआ, उस पर आज तक कांग्रेस ने जिम्मेदारी नहीं ली। उन्होंने कहा कि केवल राजनीति करना आसान है, लेकिन इतिहास की सच्चाई को स्वीकार कर जनता से क्षमा मांगने का साहस कांग्रेस में नहीं है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राहुल गांधी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं, जबकि करोड़ों लोगों की आस्था इससे जुड़ी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले और भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद भी रामलला के दर्शन के लिए न जाना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जब मौतें होती हैं तो चुप्पी साध ली जाती है और मध्यप्रदेश में हाय-हाय मचाई जाती है, यह दोहरा चरित्र है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाशों पर राजनीति करने वालों को जनता अब पहचान चुकी है। भोपाल गैस त्रासदी में यूनियन कार्बाइड के मालिक वॉरेन एंडरसन को देश से भगाने का काम भी कांग्रेस सरकार ने ही किया था। यह देश के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण के सिद्धांत पर काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण की योजनाएं सरकार की प्राथमिकता हैं। लाड़ली बहना योजना इसका जीवंत उदाहरण है, जिससे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, महिला हितग्राही और आम नागरिक मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उत्सव का माहौल दिखाई दिया। बहनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता राशि उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मददगार साबित हो रही है और सरकार पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

138 Views
What do you think?

Leave a Reply