अनोखा तीर, हरदा। गुरु-शिष्य परंपरा के अनुसार हरदा जिले के किन्नर समुदाय को नया गुरु मिल गया है। किन्नर समाज के वरिष्ठ गुरु रामप्रसाद काका के निधन के बाद खाली हुई गद्दी पर अब माहि किन्नर को विधि-विधान से गुरु नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त गुरु माहि दीदी ने बताया कि किन्नर समाज में एक मुखिया होता है, जो जिले के सभी किन्नरों का गुरु माना जाता है। गुरु रामप्रसाद काका के निधन के बाद यह गद्दी रिक्त हो गई थी, जिसे समाज की सर्वसम्मति से माहि दीदी को सौंपा गया है। इस अवसर पर हरदा में पांच दिवसीय किन्नर समावेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरदा जिले सहित देशभर से किन्नर समुदाय के लोग शामिल हुए। पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ माहि दीदी का राज्याभिषेक संपन्न हुआ और उन्हें गुरु गद्दी पर आसीन किया गया। राज्याभिषेक समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक और विभागीय संगठनों के प्रतिनिधि गुरु माहि दीदी से मिलने पहुंचे। उन्होंने गुरु का सम्मान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। गद्दी संभालने के बाद गुरु माहि दीदी ने जिले और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि वे किन्नर समाज की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाजहित में कार्य करेंगी।
Views Today: 2
Total Views: 60

