-बैडमिंटन एवं योगासन प्रतियोगिता संपन्न
अनोखा तीर, हरदा। कमल खेल महोत्सव के अंतर्गत इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भवन, हरदा में बैडमिंटन एवं योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बैडमिंटन के 40 खिलाड़ियों तथा योगासन में 60 बालिकाओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलम्पिक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, महिला मोर्चा की महामंत्री पूजा शर्मा, हार्टफुलनेस के मेंटर विजेंद्र जैन एवं ब्लॉक समन्वयक सलमा खान द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संदीप पटेल ने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने जानकारी दी कि हार्टफुलनेस के मेंटर विजेंद्र जैन द्वारा खिलाड़ियों को ध्यान मुद्रा एवं आसनों का अभ्यास कराया गया। उन्होंने एकाग्रता, आत्मसजगता एवं मानसिक स्थिरता के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। ध्यान के माध्यम से मन को शांत रखने और सोचने-समझने की क्षमता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। योग गुरु राधेश्याम गौर ने खिलाड़ियों से गौमुखासन, वक्रासन, पश्चिमोत्तानासन एवं वृक्षासन का अभ्यास कराया तथा इन आसनों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
योग प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम स्थान अनुष्का सोनी महर्षि ज्ञानपीठ स्कूल, हरदा, द्वितीय स्थान इशिता राजपूत संस्कार विद्यापीठ स्कूल, तृतीय स्थान तृप्ति राजपूत, चतुर्थ स्थान आर. वी. पांडे संस्कार विद्यापीठ स्कूल, हरदा, पंचम स्थान सोनाली काजल बालिका छात्रावास, अन्नपुरा ने प्राप्त किया। सभी बालिकाओं ने कठिन आसनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम स्थान अंकित श्रीवास, द्वितीय प्रियंस शर्मा, तृतीय स्थान लक्ष्य नेगी, चतुर्थ स्थान शौर्य सोनी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर संदीप पटेल ने खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राधेश्याम गौर, पूजा शर्मा, पुरुषोत्तम झिंझोरे, विकास तिवारी एवं नवीन सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




