नन्हे-मुन्नेे बच्चों की मनभावन प्रस्तुति देख हतप्रभ रह गए अतिथि और अभिभावक


अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय द फाउंडेशन आफ एजुकेशन मदर्स लेप स्कूल द्वारा अपना वार्षिकोत्सव आधुनिक शिक्षा के इस दौर में युगांतर के साथ ही राष्ट्रीयता पर केंद्रित रहा। स्कूल परिसर में आयोजित इस भव्यतापूर्ण आयोजन में जहां प्रवेशद्वार पर ही भारतीय सनातन संस्कृति की झलक आगंतुकों का स्वागत चंदन-तिलक लगाकर करते हुए दिखाई दें रही थी। वहीं समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले ही आयोजन की मूल परिकल्पना युगांतर अर्थात चारों युगों के परिवर्तन चक्र का सजीव चित्रण किया गया था। सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलयुग के युगांतर को नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जिस बखुबी के साथ अपनी अभिनय क्षमता से प्रदर्शित किया वह उल्लेखनीय था। वहीं शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रत्येक आगंतुक का अभिवादन भी जय श्रीकृष्णा करते हुए किया जा रहा था। चार बजे से प्रारंभ हुए इस वार्षिकोत्सव का शुभारंभ सरस्वती पूजन और नन्हें बच्चों द्वारा प्रस्तुत श्री गणेश आराधना के साथ हुआ। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी जैसी प्रारंभिक कक्षा के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा जिस संजिदगी के साथ अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया गया वह निश्चित ही न केवल सराहनीय था। बल्कि उन्हें इस तरह प्रशिक्षित करने वाले शिक्षक- शिक्षिकाओं की प्रसन्नता करने योग्य भी था। इस वार्षिकोत्सव में वेद विद्यालय वेदिविद्यापीठ छिपानेर के निरंजन शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेडिया, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, श्रीमती सलोनी सिद्धार्थ जैन, दैनिक अनोखा तीर संपादक प्रहलाद शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती राजनी गुर्जर, यातायात प्रभारी उमेश ठाकुर, उप निरीक्षक रिपू दमन राजपूत, जिला खेल अधिकारी रामनिवास जाट सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के संचालक, समाजसेवी और बड़ी तादाद में बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे। स्कूल के संचालक जयशंकर कानवा, श्रीमती रश्मि कानवा एवं प्राचार्या डॉ. प्रीति बांके ने अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। आयोजन में गरिमापूर्ण परिधानों में बच्चों द्वारा दी गई धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीयता से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया था। यही कारण था कि जहां जिलाधीश सिद्धार्थ जैन ने अपने उद्बोधन में आयोजन की सराहना की, वहीं उसके लिए शाला परिवार को बधाई भी दी। श्री जैन ने कहा कि हरदा जिले में इस तरह का शैक्षणिक संस्थान होना हमारे लिए भी गौरवान्वित महसूस होने जैसा है। कार्यक्रम दौरान उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने वाले विधार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनोखा तीर के संपादक प्रहलाद शर्मा ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के इस दौर में जिस तरह मदर्स लेप स्कूल द्वारा धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीयता पर केंद्रित अपना वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है वह सर्वांगीण शिक्षा की परिकल्पना को साकार करने वाला कदम है। स्कूल का वार्षिकोत्सव बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शन का यह एक बेहतर माध्यम होता है। अगर इसे हमारी सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्रीयता से इस तरह जोड़ते हुए बच्चों में बिजारोपण किया जाने लगे तो निश्चित ही आने वाले भारत का भविष्य उज्जवल होगा। श्री शर्मा ने इस अभिनव पहल के लिए संपूर्ण शाला परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम का आभार प्राचार्या डॉ. प्रीति बांके ने व्यक्त किया। वहीं आयोजन स्थल की संपूर्ण व्यवस्था संचालन में देवेन्द्र गुर्जर की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
Views Today: 2
Total Views: 444

