पटवारियों से कराए जो अतिरिक्त कार्य
अनोखा तीर, हरदा। पटवारी संघ ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सतीश रॉय को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष अनुराग करोलिया ने बताया कि पटवारियों पर कई कार्यों का एक साथ दबाव है, जिससे वे परेशान हैं। मुख्य समस्याओं में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने में किसानों की अनिच्छा और सर्वर की तकनीकी खामियां प्रमुख हैं। इसके अलावा, खसरा आरओआर, आधार लिंकिंग, एनपीसीआई और नक्शा तरमीम का काम भी लगातार चल रहा है। राजस्व महाअभियान समाप्त होने के बाद भी ये कार्य जारी हैं। उन्होंने बताया कि कार्य के दबाव के कारण आज एक पटवारी सड़क हादसे का शिकार हुआ। इससे पहले भी एक पटवारी दुर्घटनाग्रस्त होकर इंदौर में भर्ती है। लोकल सर्वेयर को पिछली दो फसल गिरदावरी का भुगतान न होने के कारण वे नई गिरदावरी करने से मना कर रहे हैं। पटवारियों का कहना है कि एक साथ सभी कार्य करना संभव नहीं है। खेत में गिरदावरी करने पर अन्य कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे दबाव बनाकर प्रताड़ित न करें और समस्याओं का समाधान करें।
समस्या के चलते पटवारी संघ ने ज्ञापन सौंपकर किया विरोध

458 Views




