Skip to content
Monday, 2 November 2026
मध्य प्रदेश

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को पहली बार हुआ 5 टाइगरों का दीदार

2 min read
Text Size:

 

– टाइगरों ने मिलकर रोका जंगल सफारी का रास्ता

अनोखा तीर, सोहागपुर। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पहली बार एक साथ पांच टाइगर दिखाई दिए हैं। पांचों टाइगर ने मिलकर जंगल सफारी कर रहे पर्यटकों का रास्ता रोक लिया। यह रोमांचित करने वाला वीडियो एसटीआर के मढ़ई का बताया जा रहा है। जंगल सफारी करने गए पर्यटकों ने यह नजारा देख पहले तो डर गए, फिर उन्होंने इस रोमांचित करने वाले नजारे का खूब लुफ्त उठाया। लंबे समय तक बाघिन और उसके शावक रास्ते पर ही बैठे रहे। उन्हें देख जिप्सी के ड्राइवर जिप्सी बंद कर लगभग 15 मिनट तक उसी स्थान पर खड़े रहे। बाघिन और शावक के रास्ते से हटाने के बाद जिप्सी पर्यटकों को लेकर आगे सफारी के लिए बढ़ी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्ब मढ़ई के सहायक संचालक अंकित जामोद ने बताया कि पर्यटकों को बाघिन फायर लाइन शावकों के साथ दिखी। तीन शावक करीब डेढ़ साल के हैं। पांचवें नंबर की बाघिन की उम्र तीन साल है। जो फायर लाइन बाघिन से तीन साल पहले जन्मी है। यह बाघिन अब वयस्क हो चुकी है। पहली बार फायर लाइन बाघिन अपने तीन शावक और एक वयस्क बाघिन के साथ दिखी। एसटीआर में एक साथ पांच टाइगर का नजारा टूरिस्ट को पहली बार दिखा है। जिसमें बाघिन फायर लाइन है। उसी के सभी शावक थे। इसे देखने के लिए दोनों तरफ जंगल सफारी करने वाले सफारी वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान सैलानियों ने फोटो वीडियो बनाए। अब इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पहली बार एक साथ दिखाई दिए पांच टाइगर की जानकारी एसटीआर ने अपने रिकॉर्ड में भी दर्ज की है। बता दें सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में इन दिनों जंगल सफारी करने पहुंच रहे टूरिस्टों को बाघ, तेंदुआ, भालू समेत अन्य वन्यप्राणियों का दीदार हो रहा है। बाघ, बाघिन और उनके शावक अलग-अलग अंदाज में देखने को मिल रहे जो पर्यटकों को काफी पसंद आ रहे हैं। कभी भालू फैमिली से डरकर टाइगर को दुम दबाकर भगा रहे हंै, कभी टाइगर बायसन, सांभर का शिकार करते दिख रहे हैं तो कभी बाघिन शावकों के साथ अठखेलियां करते दिखाई दे रही है। अब मढ़ई क्षेत्र में पहली बार पांच टाइगर ने टूरिस्ट का दिल जीत लिया।

573 Views
What do you think?

Leave a Reply