देवास से दर्शन कर घर लौट रहे परिवार से सिया घाट पर लूट

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

देर रात १ बजे नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

-चाकूू की नोक पर महिलाओं से उतरवाए जेवर, दो व्यक्ति सहित ड्रायवर को किया घायल

 

अनोखा तीर, हरदा/कन्नौद। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब १ बजे रहटगांव थाना क्षेत्र के सिंगनपुर निवासी परिवार के साथ एक दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना देवास जिले के कन्नौद थाना क्षेत्र के सिया घाट की है। वहीं बदमाशों ने दो युवक सहित ड्राइवर के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। जिनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला हॉस्पिटल में इलाज रिफर किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के सिंगनपुर निवासी दीपक पिता नर्मदा प्रसाद चौरसिया उम्र ३८ वर्ष शनिवार सुबह वह अपने भतीजे को इलाज के लिए इंदौर ले गए थे। इस दौरान उनके भतीजे का परिवार भी साथ था। जिसमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे थे। वह कार से इंदौर से उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद देवास में दर्शन कर रात को अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान रात करीब 1 बजे वह कन्नौद थाना क्षेत्र के सिया घाट पर पहुंचे। जहां अचानक उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। जब वह ड्राइवर सीताराम इवने के साथ गाड़ी का टायर बदल ही रहे थे की कुछ देर बाद उन पर मुंह पर कपड़ा बांधे और टार्च लेकर आए लोगों ने लकड़ियों से हमला कर घायल कर दिया। वही पीड़ित परिवार की महिलाओं को चाकू दिखाकर उनके जेवर उतरवा लिए। पीड़ित परिवार से 5 हजार नगदी, 2 मोबाइल और करीब ढाई लाख कीमत की ज्वेलरी लूट ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार जैसे-तैसे करीब दो किलो मीटर घाट से नीचे आए और वहां स्थित ढाबे पर जाकर सारी बात बताई। जिसके बाद ढाबा संचालक ने डायल १०० को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना में घायल दिपक चौरसिया को रविवार को एक्सरे के लिए हरदा के जिला अस्पताल लाया गया। जहां घायल युवक की पत्नी ने बताया कि जब उनके पति गाड़ी का टायर बदलने के लिए गाड़ी से बाहर आए तो नकाबपोश लोगों ने उनके सिर पर हमला कर लकड़ियों से मारना शुरू कर दिया। पहले तो चार-पांच लोग आए और कुछ समय बाद सात-आठ और नकाबपोश आ गए। जब उन्होंने अपने पति को बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी झूमाझटकी की गई। वहीं चाकू दिखाकर दोनों महिलाओं के गले, नाक और कान से गहने उतरवाए और लेकर आरोपी भाग गए। उन्होंने बताया कि करीब 5 हजार नगदी, दो से ढ़ाई लाख मूल्य के गहने ओर दो मोबाइल आरोपियों ने छीन लिए।

इनका कहना है…

आष्टा और कन्नौद के बीच सिया घाट पर अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर परिवार से ५ हजार नगदी और महिलाओं के जेवर लूटने की घटना को अंजाम दिया है। घटना करीब रात १ बजे की है। पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश कर रही है।

तहजीब काजी, थाना प्रभारी कन्नौद

Views Today: 2

Total Views: 230

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!