Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

वनग्रामों में कैम्प लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलायेंगे

2 min read

आज बड़वानी में व 25 को लाखादेह में लगेगा शिविर

हरदा:- जिले के टिमरनी व हरदा विकासखण्ड के 42 वनग्रामों में निवासरत वनवासियों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा योजनाओं की जानकारी उन्हें देने के उद्देश्य से गांव-गांव में क्लस्टर कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं। कलेक्टर आदित्य सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये है कि इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करें। उन्होने बताया कि शिविर के लिये कुल 42 वनग्रामों को 10 क्लस्टर्स में बांटा गया है तथा प्रत्येक क्लस्टर में 5 से 8 पंचायतें एवं 15 से 20 ग्राम सम्मिलित किये गये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि 23 अक्टूबर को टिमरनी विकासखण्ड के वनग्राम बड़वानी में शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़वानी, गांगराढाना, खूमी, डोमरा व गोराखाल के ग्रामीण सम्मिलित होंगे। इसके अलावा 25 अक्टूबर को वनग्राम लाखादेह में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाखादेह, बड़झिरी, सिंगोड़ा, बंशीपुरा इन्द्रपुरा, चुरनी, बापचा व बोबदा के ग्रामीण शामिल होंगे। ये शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किये जायेंगे।

ग्रामीणों की समस्याओं का किया जाएगा निराकरण

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इन शिविरों में ग्रामीणों के जाति प्रमाण-पत्र बनवाने, वनाधिकार अधिनियम के निरस्त दावों का पुनःपरीक्षण, मुद्रा योजना के तहत वनवासियों को स्वरोजगार हेतु मदद दिलाने, स्थानीय ग्रामीणों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिये पंजीयन कराने, ग्रामीणों के नये बैंक खाते खुलवाने, अटल पेंशन योजना व अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये फार्म भरवाने, समग्र पंजीयन, आधार पंजीयन की कार्यवाही करने, अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग को छात्रवृत्ति संबंधी योजनाओं का लाभ दिलाने जैसी कार्यवाही इन शिविरों में की जाएगी। कैम्प के आयोजन के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कैम्प प्रभारी होंगे तथा इनके मार्गदर्शन में ब्लाक प्रबन्धक आजीविका मिशन, बैंक प्रबन्धक, सचिव तथा ग्राम रोजगार सहायक शिविर आयोजन में सहयोग करेंगे।

522 Views
522 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply