बुरहानपुर:-संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आज 55 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। जनसुनवाई में नगर निगम के 8, विद्युत विभाग के 5, खाद्य विभाग के 2, शिक्षा विभाग के 5, पंचायत विभाग के 4, पशुपालन विभाग के 2, अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के 4, श्रम विभाग के 2, महिला बाल विकास विभाग के 2 एवं जनजातीय कार्य विभाग के 5 सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। लेख है कि, नागरिकों की समस्याओं को सुनने के लिए एवं निराकरण हेतु जनसुनवाई का आयोजन प्रति मंगलवार को किया जाता है। आज आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान व संयुक्त कलेक्टर अशोक कुमार जाधव ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आये नागरिकों की समस्याओं को सुना। उन्होंने बारी-बारी से आवेदकों की समस्या सुनकर संबंधित विभाग को निराकरण हेतु आवेदन प्रेषित किये। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. हीरासिंह भंवर, कृषि उपसंचालक एम.एस.देवके, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अर्चना नागपुरे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

