अनोखा तीर, हरदा। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम कायागांव में रहने वाले एक 20 वर्षीय युवक की शनिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रविवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक के शव का पीएम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। कायागांव गांव के रहने वाले ओमप्रकाश ने बताया कि उनका तीसरे नंबर का बेटा रोहित शनिवार दोपहर अपने दोस्त जो हम्माली का काम करता है उसे छोड़ने बाइक से हरदा आया था। जहां से वापस लौटने के दौरान बीच रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसे उपचार के लिए शनिवार शाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक रोहित तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमें है।






