आज स्नान-दान अमावस्या, मैया के जयकारों से गूंज उठेगा उत्तर तट

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। फाल्गुन मास की अमावस्या के अवसर पर रविवार को हंडिया और नेमावर स्थित नर्मदा के प्रमुख घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। इसकी झलक पूर्व संध्या यानि शनिवार शाम को देखने को मिली। जब, श्रद्धालुओं के पैदल जत्थे नर्मदा स्नान के लिये आगे बढ़ रहे थे। शहर समेत आसपास ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालुओं का नर्मदा तट पहुंचने का सिलसिला जारी है। इधर, नर्मदा पदयात्रियों के लिये सेवाभावी भक्तों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर जलपान एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था कर रखी थी। सेवाभाव का ये क्रम शहर सहित अन्य ग्रामों में रातभर जारी रहा। आज भोर की पहली किरण के साथ श्रद्धालुओं के स्नान, दर्शन एवं दान-पुण्य का दौर प्रारंभ होगा, जो कि देर शाम तक चलेगा। इसी दिन नर्मदा के उत्तर तट पर पंचकोसी यात्रा का समापन भी होगा। पदयात्री ऊंचान से उस पार होकर ग्राम डावठा, बागदी संगम , बजवाड़ा और नवाड़ा होते हुए सिद्धनगरी नेमावर पहुंचेंगे। जहां से पांच दिन पहले यह यात्रा शुरू हुई थी। करीब सवा सौ किलोमीटर की पदयात्रा कर श्रद्धालु अमावस्या के दिन अपना संकल्प पूरा करेंगे। इस मौके पर नर्मदा मैया के जयकारों से पूरा उत्तर तट गूंजायमान होगा।

सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

सुरक्षा की दृष्टि से जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख पाइंटों पर जहां बल तैनात किया है, वहीं घाट और मंदिर के अलावा अन्य स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जुटाएं गए हैं। साथ ही अतिरिक्त महिला बल लगाया गया है। इसके अलावा एंबूलेंस समेत स्वास्थ्य अमला पूरे समय डयूटी पर मौजूद रहेगा।

होमगार्ड और तैराकों की तैनाती

अमावस्या तथा पंचकोसी यात्रा के समापन के चलते यहां श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहेगी। इसी के मद्देनजर नर्मदा नदी में होमगार्ड के जवान वोट से लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। उनके साथ तैराकों को भी मुस्तैद रखा है, ताकि आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इसके अलावा घाट पर भी पुलिस बल की निगरानी रहेगी।

Views Today: 2

Total Views: 268

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!