अनोखा तीर, हरदा। इंदौर रोड स्थित शहर की ब्रजधाम कॉलोनी के रहवासी इन दिनों असुरक्षा के भाव में रह गुजर कर रहे हैं। वजह, विगत एक सप्ताह से रात में यहां बदमाशों की चहल कदमी दर्ज हुई है। साथ ही सूने मकानों को निशाना बनाने का अंदेशा बना हुआ है। इसकी भनक लगते ही वार्डवासी सचेत हो गए हैं। वहीं रतजगा को विवश हैं। हालांकि, फिलहाल कोई बड़ी घटना नहीं होने से मामला गर्माया नहीं है। लेकिन संदेहियों की मौजूदगी के कारण स्थानीय लोग जहां सावधान की मुद्रा में हैं। वहीं पुलिस प्रशासन से पहले की तरह पेट्रोलिंग करने की उम्मीद जता रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रजधाम कॉलोनी में बीते चार-पांच दिनों से दो अज्ञात बदमाश काला कंबल ओढ़कर कॉलोनी की गलियों में घूमते देखे गए हैं। वहीं सूने मकानों में चोरी के प्रयासों की सुगबुगाहट महसूस की गई है। कॉलोनी के कमलेश मेठवानी ने बताया कि बीती रात हमारे पड़ोसी के घर चोरी का प्रयास हुआ। जहां सफलता नहीं मिलने पर बदमाशों ने मेेरे घर में घुसने की कोशिश की। इस बीच आवाज सुनकर घर के लोगों की नींद टूट गई। जिसके चलते बदमाश भाग खड़े हुए। श्री मेठवानी के मुताबिक दो बदमाश थे। इस बात की पुष्टि कॉलोनी में लगे कैमरों से हुई है। उन्होंने बताया कि बीती रात की घटना से पड़ोसी को अवगत करा दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले पेट्रोल वाहन कॉलोनी में राउंड पर रहता था, जो सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण था। किंतु कुछ महिनों से पेट्रोलिंग बंद है। उन्होंने इन सबके चलते जानमाल के डर की आशंका भी जताई। वहीं मामले में पुलिस प्रशासन से पेट्रोलिंग बढ़ाने का अनुरोध किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर रोड स्थित ब्रजधाम कॉलोनी शहर की सबसे पुरानी कॉलोनी है। जहां करीब १२५ परिवार निवासरत हैं। जिनमें अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी समेत अन्य लोग निवासरत हैं। इधर पुलिस ने इसकी सूचना मिलते ही कॉलोनी का भ्रमण किया है। वहीं स्थानीय लोगों से चर्चा कर आगे पेट्रोलिंग बढ़ाने का भरोसा दिलाया है। इस दौरान पुलिस एवं वार्डवासियों की चर्चा दौरान ब्रजधाम समेत अन्य कवर्ड कॉलोनियों में गार्ड नियुक्त करने की बात पर जोर दिया गया, ताकि पेट्रोलिंग पुलिस गार्ड के जरिए निगरानी को ओर अधिक चुस्त दुरुस्त कर सके।
इनका कहना है…
दो संदिग्धों के घूमने की खबर मिलते ही टीम ने ब्रजधाम कॉलोनी का निरीक्षण कर वहां के लोगों से संवाद किया है। साथ ही पेट्रोलिंग गाड़ी को निरंतर राउंड मारने के निर्देश दिए हैं।
एआर खान, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली

